टोंक. महावर नगर छावनी के श्री शिव राधा-कृष्ण मंदिर में कोली समाज ने ‘एक शाम माता रानी के नाम’ भजन संध्या कराई। शुरुआत कंकाली माता मंदिर के मुख्य पुजारी दुर्गालाल की टीम ने माता रानी की विधिवत पूजा-अर्चना से की। इसके बाद भजन, आकर्षक झांकियां, लोककला की प्रस्तुतियों से माहौल भक्तिमय हुआ। देर रात तक बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। जिलाध्यक्ष अशोक महावर ने बताया, कोटा से आए गायक शांतिलाल राव ने गणेश वंदना से शुरुआत की। इसके बाद बाबा रामदेव के भजन ‘घोड़लियो मंगवा दे मारी मां’, ‘सोनेरा झांझर बाजणा’ सहित कई भजन सुनाए। कंकाली माता के भजन, मंगलाचार, तेजाजी महाराज से जुड़े गीतों ने भी श्रोताओं को भावविभोर किया। बना बाबा ने ‘64 जोगणी रे देवलिए रम जाऊं’ सहित भजन पेश किए। कोटा से आए नवीन रावल एंड पार्टी ने हनुमानजी, मसानी माता, अघोरी बाबा महाकाल की झांकियां प्रस्तुत कीं। अंतरराष्ट्रीय कच्ची घोड़ी नृत्य कलाकार सीताराम पीपलू ने बाबा रामदेव और तेजाजी महाराज के स्वरूप में नृत्य किया। आयोजन स्थल पर माता रानी की आकर्षक झांकी सजाई गई। कार्यक्रम का लाइव प्रसारण हुआ। समाज की ओर से नवनिर्वाचित पार्षद कल्याण महावर, नरेंद्र महावर का साफा व माला पहनाकर सम्मान हुआ। पदोन्नति पर सहायक उपनिरीक्षक बनीं संजू महावर, रैवड़मल महावर का भी सम्मान किया गया।