बजरिया के टोंक बस स्टैंड पर चल रहे नौ दिवसीय नवरात्र महोत्सव में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का माहौल बना हुआ है। नवरात्र सेवा समिति और टोंक बस स्टैंड व्यापार मंडल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित महोत्सव के चौथे दिन बुधवार को मां दुर्गा के चौथे स्वरूप मां कूष्मांडा की पूजा-अर्चना की गई। शाम को महाआरती में सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए। इसके बाद गरबा-डांडिया और धार्मिक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता ने महोत्सव की रौनक बढ़ा दी। शहर की विभिन्न कॉलोनियों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने धार्मिक कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। धार्मिक प्रश्नोत्तरी में परखा ज्ञान, विजेताओं का सम्मान : नवरात्र महोत्सव के तहत धार्मिक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता हुई। इसमें धर्म, अध्यात्म, देवी-देवताओं, धार्मिक ग्रंथों और भारतीय संस्कृति से जुड़े सवाल पूछे। प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ सवालों के जवाब दिए। महाआरती के बाद गरबा और डांडिया कार्यक्रम हुआ। भक्ति गीतों और पारंपरिक संगीत की धुन पर महिला, पुरुषों और युवाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजे प्रतिभागियों ने गोल घेरा बनाकर गरबा किया और डांडिया की खनक के बीच नृत्य कर नवरात्र की खुशियां मनाईं। बच्चों और युवाओं में कार्यक्रम को लेकर विशेष उत्साह रहा। संगीत की लय पर थिरकते श्रद्धालु देर रात तक उत्सव का आनंद लेते रहे।