भीलवाड़ा | सुवाणा में पार्श्वनाथ जैन मंदिर के शिखर पर गुरुवार सुबह अभिजीत मुहूर्त में धर्म ध्वजा चढ़ाई गई। यह लाभ चपलोत परिवार ने लिया। धर्म ध्वजा को लाभार्थी परिवार ने निवास से ढोल-नगाड़ों और गाजे-बाजे के साथ सिर पर धारण कर मंदिर परिसर तक निकाला। धर्म ध्वजा को मंदिर के शिखर पर स्थापित किया। वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक संघ सुवाणा के अध्यक्ष सुशील कुमार ने बताया कि मंदिर में परंपरा के अनुसार समय-समय पर ध्वजा चढ़ाने का आयोजन किया जाता है। जैन समाज के उपाध्यक्ष प्रकाश चपलोत ने कहा कि वर्ष 2020 में मंदिर का जीर्णोद्धार निपुण रत्न सागर महाराज के सानिध्य में हुआ था। तब से छह बार धर्म ध्वजा चढ़ाई जा चुकी है। ध्वजा स्थापना के बाद भगवान पार्श्वनाथ, नाकोड़ा भैरवनाथ, पद्मावती माता और मंगल मूर्तियों की आरती की गई। आगामी वर्षभर में होने वाले धार्मिक आयोजनों के लिए बोलियां भी लगाई गईं।