राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने 12वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया है। धौलपुर जिले में इस वर्ष भी छात्राओं ने छात्रों से बेहतर प्रदर्शन करते हुए अपनी श्रेष्ठता साबित की है। कला और विज्ञान दोनों ही वर्गों में विद्यार्थियों का परिणाम उत्कृष्ट रहा। कला वर्ग में जिले के खरगपुर गांव निवासी अनामिका गुर्जर ने 99.40 प्रतिशत अंक हासिल कर जिले में पहला स्थान प्राप्त किया। वहीं, ईशिता शर्मा ने 98.80 प्रतिशत अंक के साथ दूसरा स्थान और नंदनी शर्मा ने 98 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान हासिल किया। विज्ञान वर्ग का कुल परीक्षा परिणाम 96.26 प्रतिशत रहा। इसमें छात्रों का उत्तीर्ण प्रतिशत 96.01 जबकि छात्राओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 96.93 दर्ज किया गया। विज्ञान वर्ग में कुल 4840 परीक्षार्थी शामिल हुए थे। कला वर्ग में भी छात्राओं का प्रदर्शन बेहतर रहा। इस वर्ग का कुल परीक्षा परिणाम 95.36 प्रतिशत रहा, जिसमें छात्रों का उत्तीर्ण प्रतिशत 94.31 और छात्राओं का 96.27 प्रतिशत दर्ज किया गया। कला वर्ग में कुल 12183 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी थी। जिले में उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम को लेकर शिक्षा विभाग एवं अभिभावकों में खुशी का माहौल है। विद्यार्थियों की तस्वीरें भास्कर एप पर 95 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों की तस्वीरें भास्कर एप पर प्रकाशित की जाएंगी। इसके लिए छात्रों को अपनी फोटो, मार्कशीट की कॉपी के साथ माता-पिता, स्कूल, गांव-शहर का नाम संबंधित जिले के रिपोर्टर के मोबाइल नंबर 7014901751 पर भेजना होगा।