धौलपुर जिले के सदर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 44 पर एक सड़क हादसा हुआ। अज्ञात वाहन की टक्कर से एक स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इस हादसे में स्कॉर्पियो में सवार पांच युवक घायल हो गए। जानकारी के अनुसा, स्कॉर्पियो धौलपुर से मनियां की ओर जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद स्कॉर्पियो ड्राइवर ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और वह डिवाइडर से जा टकराई। एम्बुलेंस की मदद से घायलों को पहुंचाया अस्पताल हादसे की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ASI गिरवर लाल ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एम्बुलेंस की मदद से सभी घायल युवकों को जिला अस्पताल पहुंचाया। घायलों का उपचार अस्पताल में जारी है। घायलों में सूरज कंसाना पुत्र मंगल सिंह निवासी भामतीपुरा, विशाल पुत्र मनोज निवासी खरंजा रोड, वसीम पुत्र सुल्तान निवासी मनियां, विकास पुत्र दर्शन निवासी मनियां और राहुल पुत्र कालू निवासी मनियां शामिल है। बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो मजदूरों को छोड़ने के लिए मनियां जा रही थी। पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।