धौलपुर में बार काउंसिल ऑफ राजस्थान के चुनाव बुधवार को संपन्न हुए। मतदान प्रक्रिया अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश राकेश गोयल की उपस्थिति में हुई। चुनाव अधिकारी पप्पू सिंह गुर्जर ने बताया कि मतदान शुरू होने से पूर्व न्यायाधीश राकेश गोयल ने मत पेटियों को सील किया। इस अवसर पर निर्वाचन समिति ने न्यायाधीश का साफा पहनाकर सम्मान किया। न्यायाधीश ने अधिवक्ताओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लेकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की। वरिष्ठ और महिला वकीलों के लिए विशेष व्यवस्थाएं रही चुनाव अधिकारी के मुताबिक कुल 567 अधिवक्ताओं में से 447 ने शाम 5 बजे तक अपने मताधिकार का प्रयोग किया। चुनाव पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा, जिसमें अधिवक्ताओं ने वरीयता के आधार पर अपने पसंदीदा उम्मीदवारों को वोट दिए। मतदान के दौरान वरिष्ठ और महिला अधिवक्ताओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। एक नवविवाहित अधिवक्ता ने भी इस प्रक्रिया में भाग लिया। धौलपुर अभिभाषक संघ के अध्यक्ष हरिओम शर्मा ने बताया कि चुनाव समिति ने पूरी प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराया। इस दौरान एसडीएम करणवीर सिंह, चुनाव अधिकारी पप्पू सिंह गुर्जर, सहायक अधिकारी संजय बंसल, मनीष महे, विवेक शर्मा, ऋषि शर्मा और कृष्ण झा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।