धौलपुर के सैपऊ थाना क्षेत्र के रजौरा कला गांव में बिहार पुलिस ने एक 19 वर्षीय युवती को बरामद किया है। युवती अपने प्रेमी युवक से शादी कर पिछले 9 दिनों से यहां रह रही थी। उसके परिजनों ने बिहार में किडनैप का मामला दर्ज कराया था, जिसके बाद भागलपुर जिले की सुल्तानगंज थाना पुलिस स्थानीय पुलिस की मदद से धौलपुर पहुंची। पुलिस के अनुसार रजौरा कला निवासी युवक लगभग 1 साल पहले मजदूरी के लिए महाराष्ट्र के पुणे गया था। वहीं उसकी इंस्टाग्राम के माध्यम से बिहार के भागलपुर जिले की एक युवती से दोस्ती हुई। यह दोस्ती धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई। शादी के बाद रजौरा कला में रहने लगे कुछ समय बाद युवती अपने परिजनों को बिना बताए पुणे पहुंच गई, जहां उसने युवक से विवाह कर लिया। शादी के बाद दोनों करीब 9 दिन पहले युवक के गांव रजौरा कला आकर रहने लगे थे। युवती के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने भागलपुर जिले के सुल्तानगंज थाने में किडनैप का मामला दर्ज कराया था। मामले की जांच के दौरान बिहार पुलिस ने युवक का पता लगाया और सोमवार को सैपऊ थाना पहुंचकर स्थानीय पुलिस का सहयोग लिया। सुल्तानगंज थाना के उप निरीक्षक रुपेश एक महिला पुलिसकर्मी के साथ रजौरा कला गांव पहुंचे और युवती को सकुशल बरामद कर लिया। सैपऊ थाने में युवती की बिगड़ी तबीयत सैपऊ थाने में युवती की तबीयत अचानक बिगड़ गई। पुलिस के अनुसार बाथरूम में उसे मिर्गी का दौरा पड़ा, जिससे वह बेहोश होकर गिर गई। पुलिस ने तुरंत दरवाजा तोड़कर उसे बाहर निकाला और सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के बाद उसकी हालत में सुधार हुआ। पुलिस ने यह भी बताया कि युवती करीब 2 महीने की गर्भवती है। कोर्ट में होंगे युवती के बयान सैपऊ थाने के सहायक उप निरीक्षक अजय सिंह ने बताया कि आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद युवती को बिहार पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। उसे भागलपुर में कोर्ट के समक्ष पेश किया जाएगा, जहां उसके बयान और कोर्ट के आदेश के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।