धौलपुर में प्रतिबंधित चम्बल बजरी के अवैध खनन और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए केंद्रीय अधिकार प्राप्त समिति ने जिले की निगरानी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। समिति ने अभय कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का निरीक्षण किया और कलेक्ट्रेट में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्रवाई की समीक्षा की। केंद्रीय अधिकार प्राप्त समिति के चेयरमैन चंद्रप्रकाश गोयल और सदस्य अंजन मोहंती ने अपने धौलपुर दौरे की शुरुआत अभय कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के निरीक्षण से की। उन्होंने जिले में स्थापित सीसीटीवी कैमरों, संवेदनशील मार्गों और चेक पोस्टों की रियल टाइम मॉनिटरिंग प्रणाली का अवलोकन किया। अधिकारियों ने समिति को बताया कि अवैध बजरी खनन और परिवहन की रोकथाम के लिए 24 घंटे निगरानी, नियमित गश्त और विशेष नाकाबंदी की जा रही है। इस कार्य में पुलिस, प्रशासन, वन, परिवहन और खनिज विभाग संयुक्त समन्वय से लगातार कार्रवाई कर रहे हैं। रणनीति, कार्रवाई, कार्ययोजना पर हुई चर्चा इसके बाद कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक की गई। इसमें अवैध खनन रोकने की रणनीति, प्रवर्तन कार्रवाई और भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा हुई। समिति ने निगरानी व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने आधुनिक तकनीक के उपयोग और विभिन्न विभागों के बेहतर समन्वय की सराहना भी की। निरीक्षण और बैठक के दौरान कलेक्टर श्रीनिधि बीटी, एसपी विकास सांगवान, डीटीओ गौरव यादव, डीएफओ वी. चेतन और आशीष व्यास सहित खनिज विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। एसपी सांगवान ने बताया कि प्रतिबंधित चम्बल बजरी के अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ जिले में 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाई जा रही है। भविष्य में भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।