धौलपुर जिले के सरमथुरा क्षेत्र के जंगलों में हाल ही में पहुंचे एक चीते ने शिकार किया है। चीते ने मवेशी का शिकार किया है। इसके जरिए संकेत मिले है धौलपुर के जंगल चीते के रहने के अनुकूल है। इस घटना से इलाके में वन्यजीवों की मौजूदगी को लेकर चर्चा तेज हो गई है। जानकारी के अनुसार यह चीता कुछ दिन पहले कूनो नेशनल पार्क से विचरण करते हुए धौलपुर पहुंचा था। वन विभाग द्वारा लगाए गए रेडियो कॉलर के माध्यम से उसकी लगातार निगरानी की जा रही है। इसी दौरान चीते ने एक मवेशी का शिकार किया है। इसका वीडियो भी सामने आया है, जिसमें चीता शिकार करता हुआ दिख रहा है। अनुकूलन का सकारात्मक संदेश वन्यजीव विशेषज्ञों का मानना है कि किसी नए क्षेत्र में पहुंचने के बाद यदि चीता शिकार करने लगता है, तो यह उसके अनुकूलन का सकारात्मक संकेत है। इससे यह भी संकेत मिलता है कि धौलपुर के जंगल उसके लिए उपयुक्त साबित हो सकते हैं। धौलपुर क्षेत्र पहले से ही वन्यजीवों के लिए जाना जाता है, जहां बाघ और लेपर्ड सहित कई अन्य प्रजातियां मौजूद हैं। ऐसे में चीते की उपस्थिति से वन्यजीव विविधता और भी समृद्ध होने की संभावना जताई जा रही है। वन विभाग ने स्थानीय लोगों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत देने की अपील की है, ताकि चीते की सुरक्षा और निगरानी सुनिश्चित की जा सके।