धौलपुर नगर परिषद में एक सफाई कर्मी के साथ कथित जातिगत भेदभाव और उपेक्षा का मामला सामने आया है। 35 वर्षों की सेवा के बाद सेवानिवृत्त हुईं उषा पत्नी महेश को सम्मानजनक विदाई नहीं दी गई, जिसके बाद जिला कलेक्टर से शिकायत की गई है। शिकायत पत्र के अनुसार, सफाई कर्मी उषा पत्नी महेश 31 मार्च 2026 को नगर परिषद से सेवानिवृत्त हुईं। आरोप है कि इस अवसर पर न तो कोई अधिकारी उपस्थित रहा और न ही उन्हें उचित सम्मान दिया गया। सफाई कर्मियों ने बताया कि उषा को सेवानिवृत्ति प्रमाण-पत्र भी नहीं दिया गया। शिकायत में कहा गया है कि यह व्यवहार सफाई कर्मियों, विशेषकर वाल्मीकि समाज से जुड़े कर्मचारियों के प्रति भेदभावपूर्ण रवैये को दर्शाता है। इससे कर्मचारियों का मनोबल प्रभावित होता है और समाज में भी गलत संदेश जाता है। शिकायतकर्ता ने जिला प्रशासन से इस मामले की गंभीरता से जांच करने और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए भी कदम उठाने का आग्रह किया है।