धौलपुर में कांग्रेस ने महिला आरक्षण विधेयक को तत्काल लागू करने की मांग की। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी की प्रभारी और पूर्व विधायक साफिया जुबेर ने इस दौरान केंद्र सरकार पर निशाना साधा। जुबेर ने कहा कि संसद ने वर्ष 2023 में महिला आरक्षण विधेयक पारित कर दिया था, लेकिन भाजपा की सरकार इसे लागू करने में देरी कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा केवल चुनावी लाभ के लिए महिलाओं के मुद्दों को उठाती है, जबकि वास्तव में उन्हें अधिकार देने से बचती है। इस दौरान करौली-धौलपुर सांसद भजनलाल जाटव, धौलपुर विधायक शोभारानी कुशवाहा, राजाखेड़ा विधायक रोहित बोहरा और बसेड़ी विधायक तथा जिला कांग्रेस अध्यक्ष संजय कुमार जाटव सहित कई अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया। महिलाओं के साथ अन्याय बताया साफिया जुबेर ने महिला आरक्षण विधेयक को जनगणना और परिसीमन से जोड़कर लागू करने को महिलाओं के साथ अन्याय बताया। उन्होंने सवाल किया कि जब विधेयक पारित हो चुका है, तो इसे 2029 तक टालने की क्या आवश्यकता है। कांग्रेस ने मांग की कि इसे आगामी चुनावों से ही लागू किया जाए। सांसद भजनलाल जाटव ने कहा कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है और महिला आरक्षण लागू करने में भी गंभीर नहीं है। उन्होंने धौलपुर-करौली-गंगापुर रेल लाइन के दूसरे चरण के कार्य शुरू होने की जानकारी भी दी, जिसे क्षेत्र की पुरानी मांग बताया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।