धौलपुर में जिला कांग्रेस कमेटी ने 'वोट बचाओ, देश बचाओ' अभियान के तहत तुलसी गार्डन में बैठक की। एआईसीसी पर्यवेक्षक हिम्मत सिंह पटेल मुख्य अतिथि और बसेड़ी विधायक संजय कुमार जाटव अध्यक्ष रहे। हिम्मत सिंह पटेल ने कहा कि केंद्र सरकार संवैधानिक संस्थाओं का गलत इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए लोगों को जागरूक करने की जरूरत बताई। बैठक में 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली 'वोट बचाओ, देश बचाओ' महारैली की तैयारियों पर चर्चा हुई। जिला कांग्रेस अध्यक्ष संजय कुमार जाटव ने भाजपा सरकार पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग लोगों को मताधिकार से वंचित कर रहा है और महंगाई से आमजन परेशान है। जाटव ने दावा किया कि आगामी पंचायत चुनावों में कांग्रेस बहुमत से जिला प्रमुख और प्रधान बनाएगी। पूर्व प्रधान लाखन सिंह खिडोरा, भगवान दास गुर्जर, धर्मेंद्र शर्मा, अमित मुद्गल, लीना शर्मा, शालिनी शर्मा, अनीश खान और सुलेमान फारुकी समेत अन्य नेताओं ने भी विचार रखे। उन्होंने लोकतंत्र की रक्षा के लिए एकजुट होकर संघर्ष का आह्वान किया।