धौलपुर जिले की सरमथुरा थाना पुलिस ने साइबर ठग गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने 2 शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। साथ ही एक नाबालिग को भी डिटेन किया है। उनके कब्जे से मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने प्रवीण होटल के पास दबिश दी। वहां तीन संदिग्ध युवक मोबाइल के माध्यम से संदिग्ध गतिविधियों में शामिल पाए गए। पुलिस को देखते ही आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से 2 आईफोन सहित कुल 4 मोबाइल फोन और कई सिम कार्ड बरामद हुए। ब्लैकमेल कर करते थे वारदात प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी व्हाट्सऐप और टेलीग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फर्जी प्रोफाइल बनाते थे। वे खुद को महिला या एस्कॉर्ट सेवा प्रदाता बताकर लोगों को वीडियो कॉल करते थे। इसके बाद अश्लील सामग्री का उपयोग कर पीड़ितों को ब्लैकमेल कर पैसे ऐंठते थे। गिरोह क्यूआर कोड और बैंक खातों के माध्यम से भी अवैध लेनदेन करता था। जांच में यह भी सामने आया है कि यह गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशी नागरिकों को भी निशाना बना रहा था। पुलिस ने सभी डिजिटल साक्ष्यों को जब्त कर गहन जांच शुरू कर दी है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में अनिल मीना (20), निवासी उमरेह, थाना बाड़ी सदर और सतेन्द्र मीना (20), निवासी सुनकई, थाना आंगई के रूप में हुई है। एक नाबालिग को भी डिटेन किया गया है।