धौलपुर में जयपुर डिस्कॉम ने बिजली चोरी रोकने और राजस्व वसूली तेज करने के लिए अभियान चलाया है। इसी क्रम में डिस्कॉम और धौलपुर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बकायेदारों पर शिकंजा कसा। विजिलेंस अधिशाषी अभियंता (सतर्कता) माखन सिंह के नेतृत्व में बसेड़ी विद्युत विभाग की टीम ने बसेड़ी क्षेत्र में यह अभियान चलाया। इस कार्रवाई के दौरान गांव बड़रिया में 29.32 लाख रुपए की बकाया राशि पर 13 ट्रांसफॉर्मर उतारे गए। वहीं, गांव ताजपुरा में 16.18 लाख रुपये के बकाया पर 7 ट्रांसफार्मर हटाए गए। कुल मिलाकर, 45 लाख रुपए से अधिक के बकाया पर 20 ट्रांसफार्मर उतारे गए। 142 अवैध जंपर भी हटाकर जब्त किए टीम ने मौके से 142 अवैध जंपर भी हटाकर जब्त किए, जिन्हें भंडार शाखा में जमा कराया गया। बिजली चोरी के मामलों में सख्ती दिखाते हुए, 4 गैर-उपभोक्ताओं पर जांच प्रतिवेदन भरकर लगभग 2.5 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा बसेड़ी टीम ने 8 उपभोक्ताओं के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 2 लाख रुपए का जुर्माना किया। मुकदमा भी दर्ज कराएगा विभाग सहायक अभियंता बी.एस. मीणा ने जानकारी दी कि कई स्थानों पर कनेक्शन काटे जाने के बाद भी अवैध रूप से ट्रांसफॉर्मर लगाकर बिजली का दुरुपयोग किया जा रहा था। उन्होंने बताया कि ऐसे मामलों को चिन्हित कर सख्त कार्रवाई की जा रही है और बिना कनेक्शन के ट्रांसफार्मर उपयोग करने वालों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के साथ मुकदमा भी दर्ज कराया जाएगा। इस कार्रवाई के दौरान नादनपुर थाना प्रभारी कृष्ण कुमार, डीएसटी प्रभारी एएसआई प्रेमसिंह सहित पुलिस जाब्ता और लगभग 25 बिजलीकर्मी मौजूद रहे।