धौलपुर में विजयदशमी पर रावण दहन कार्यक्रम धूमधाम से हुआ। नगर परिषद ने मेला ग्राउंड में 51 फीट ऊंचे रावण और 41-41 फीट ऊंचे मेघनाथ-कुंभकरण के पुतले जलाए। बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम देखने पहुंचे, जिससे पूरा मेला ग्राउंड जयकारों से गूंज उठा। जिला कलेक्टर श्रीनिधि बीटी, एसपी विकास सांगवान और नगर परिषद सभापति गिरीश गर्ग ने मिलकर पुतलों का दहन किया। इससे पहले रामलीला का मंचन हुआ और पूजा-अर्चना की गई। रावण दहन के बाद हुई आतिशबाजी ने लोगों का मन मोह लिया। कलेक्टर और एसपी ने विजयदशमी की शुभकामनाएं दीं। शक्ति नगर कॉलोनी में बच्चों ने अपने हाथों से रावण का पुतला बनाकर जलाया। मित्तल कॉलोनी में भी बच्चों ने अपनी पॉकेट मनी से पुतला बनाकर दशहरा मनाया। शहर में कई जगह ऐसे आयोजन हुए, जिससे विजयदशमी का उत्साह देखने को मिला।