धौलपुर में आबकारी विभाग ने अवैध हथकड़ शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान 5000 लीटर वॉश नष्ट की गई और 5 भट्टियां ध्वस्त की गईं। विभाग ने 15 लीटर अवैध शराब भी जब्त की है। यह कार्रवाई आबकारी आयुक्त उदयपुर द्वारा चलाए जा रहे विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत की गई। जिला आबकारी अधिकारी पवन शर्मा के नेतृत्व में आबकारी निरीक्षक राहुल खंडेलवाल और आबकारी थाना धौलपुर के प्रहराधिकारी देवकरण गुर्जर ने अपनी टीम के साथ आदर्श नगर और पचगांव में दबिश दी। छापेमारी के दौरान अवैध शराब निर्माण के विभिन्न ठिकानों पर कार्रवाई करते हुए 5000 लीटर वॉश नष्ट की गई। मौके से हथकड़ शराब बनाने के उपकरण भी जब्त किए गए। आबकारी विभाग ने इस मामले में 2 अभियोग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब निर्माण और तस्करी के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।