धौलपुर जिले में बुधवार को मौसम में अचानक बदलाव आया और दोपहर करीब 2 बजे तेज हवाओं के साथ गरज-चमक के साथ भारी बारिश हुई। सुबह से आसमान में हल्के बादल छाए हुए थे, जो मौसम में बदलाव का संकेत दे रहे थे। इस बारिश और तेज हवाओं से आम लोगों को गर्मी से राहत मिली है, लेकिन किसानों की चिंता बढ़ गई है। पिछले कई दिनों से मौसम में लगातार आ रहे बदलावों से फसलों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में किसान खेतों में खड़ी और कटी हुई फसलों को लेकर खासे परेशान हैं। किसानों का कहना है कि बार-बार हो रही इस बारिश से गेहूं और सरसों की फसल को भारी नुकसान हुआ है। पहले हुई बारिश से भी फसलें खराब हुई थीं और अब एक बार फिर नुकसान की आशंका बढ़ गई है। मौसम विभाग ने पहले ही बारिश की चेतावनी जारी की थी, जो अब सही साबित हुई है। विभाग के अनुसार आगामी दिनों में भी मौसम इसी तरह बना रह सकता है। इसे देखते हुए किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।