धौलपुर में मनियां थाना पुलिस ने लूट के एक मामले में फरार चल रहे 15 हजार रुपए के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को सुआ का बाग के पास से पकड़ा। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनिल पुत्र रमेश गुर्जर (23) निवासी बड़ा मानपुर, थाना कोतवाली, जिला धौलपुर के रूप में हुई है। आरोपी पर 15 हजार रुपए का इनाम घोषित किया हुआ था। आरोपी के खिलाफ कोतवाली थाना क्षेत्र में पहले से ही दो आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार यह घटना 3 जून 2026 को हुई थी। विरोंधा गांव से एदलपुर के बीच रेलवे अंडरपास के पास 3 बदमाशों ने एक फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी रविकांत से बैग छीन लिया था। बैग में 3,400 रुपए नकद और फाइनेंस से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज थे। घटना के बाद मनियां थाने में मामला दर्ज किया गया और एक विशेष टीम गठित की गई। लगातार तलाश के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। अब पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके अन्य साथियों और लूटी गई राशि व दस्तावेजों की बरामदगी के प्रयास कर रही है। यह कार्रवाई मनियां थाना प्रभारी नीरज कुमार शर्मा के नेतृत्व में गठित टीम ने की। इस टीम में उपनिरीक्षक गंभीर सिंह भी शामिल थे। शनिवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया और पुलिस रिमांड की मांग की गई, ताकि उसके अन्य साथियों को गिरफ्तार किया जा सके और लूटे गए सामान को बरामद किया जा सके।