धौलपुर शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के कोटला मोहल्ला में हुई फायरिंग की घटना में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपियों से घटना के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार यह घटना 7 जुलाई को कोटला मोहल्ला में दो पक्षों के बीच विवाद के दौरान हुई थी। इस संबंध में हत्या के प्रयास, फायरिंग, पथराव और मारपीट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया। शिकायत में आरोप है कि कुछ लोगों ने घर में घुसकर फायरिंग की, पथराव किया और वाहन में तोड़फोड़ की। मामले में कोतवाली थाना प्रभारी और टीम ने कार्रवाई करते हुए सोहिब, सोहिल उर्फ मुन्ना, रिजवान, अलीम और आस मोहम्मद को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। यहां से अलीम, आस मोहम्मद और सोहिल को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है, जबकि रिजवान और सोहिब पुलिस रिमांड पर हैं। पुलिस का कहना है कि मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।