धौलपुर जिले के मनियां थाना क्षेत्र स्थित तेरह पुलिया इलाके में देर रात हाईटेंशन लाइन में स्पार्किंग से भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में रमेश बघेल का फर्नीचर गोदाम और बाबूलाल कुशवाहा की आरा मशीन जलकर खाक हो गई। जानकारी के अनुसार आग की चपेट में आए फर्नीचर गोदाम में रखा सारा फर्नीचर, लकड़ी और अन्य सामान पूरी तरह जल गया। बाबूलाल कुशवाहा की आरा मशीन को भी भारी नुकसान हुआ है। इस हादसे में लाखों रुपए के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। आगजनी से मची अफरा-तफरी घटना देर रात की होने के कारण क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और 3 बार पानी डालकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। मुआवजे की मांग प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग लगने का मुख्य कारण हाईटेंशन लाइन से निकली चिंगारी थी। यह चिंगारी पास में रखी लकड़ी और फर्नीचर में लगी, जिससे आग तेजी से फैल गई। अग्निकांड के बाद प्रभावित लोगों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन करने में जुटे हैं। गनीमत रही कि इस भीषण आग में कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, इस घटना से कई परिवारों की रोजी-रोटी प्रभावित हुई है।