धौलपुर में हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर पारंपरिक हनुमान शोभायात्रा का आयोजन गुरुवार को किया जाएगा। यह भव्य शोभायात्रा शहर की मुख्य सड़कों से होकर गुजरेगी, जिसे देखने के लिए हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़ते हैं। शोभायात्रा के रास्ते को ठीक किया जा रहा है। शोभायात्रा के सफल आयोजन को लेकर प्रशासन और नगर परिषद ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए शहर की सड़कों और नालियों को दुरुस्त करने का काम युद्धस्तर पर जारी है। नगर परिषद द्वारा शहर के गड्ढों में डस्ट और छोटी गिट्टी डाली जा रही है। इसके अलावा जनाना अस्पताल के पास नाले की खुदाई कर उसकी मरम्मत की जा रही है। मुख्य मार्गों की साफ-सफाई और सजावट का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है। धौलपुर की यह शोभायात्रा अपनी भव्यता और आकर्षक झांकियों के लिए प्रसिद्ध है। इसमें शामिल होने और दर्शन करने के लिए राजस्थान के साथ-साथ पड़ोसी राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। प्रशासन द्वारा आयोजन को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।