धौलपुर जिले में अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सरमथुरा थाना पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने 2 अलग-अलग स्थानों से अवैध पत्थर से भरी 2 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त किया है। साथ ही 2 आरोपियों को गिरफ्तार भी किया है। सरमथुरा थाना प्रभारी हरेंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार पहली कार्रवाई बाईपास क्षेत्र में हुई। यहां एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोककर जांच की गई। ड्राइवर जय सिंह (निवासी चंद्रावली) ट्रॉली में भरे लाल पत्थर के संबंध में कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा सका। पूछताछ में पता चला कि पत्थर वन क्षेत्र से अवैध रूप से लाए गए थे। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर ली गई। आश्रम के पास कच्चे रास्ते में पकड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली दूसरी कार्रवाई गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर आश्रम के पास एक कच्चे रास्ते पर की गई। यहां ड्राइवर फिरोज (निवासी सती का चौक) ट्रॉली में भरे सफेद पत्थरों के लिए कोई वैध बिल या रॉयल्टी प्रस्तुत नहीं कर सका। जांच में सामने आया कि ये पत्थर डांग क्षेत्र के वन इलाके से अवैध रूप से लाए गए थे। पुलिस ने फिरोज को गिरफ्तार कर उसकी ट्रैक्टर-ट्रॉली भी जब्त कर ली। दोनों मामलों में गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ मामले दर्ज कर पुलिस ने आगे की जांच शुरू कर दी है।