धौलपुर में अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सदर थाना पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने चार ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त की गई सभी ट्रैक्टर-ट्रॉली बिना नंबर की थीं और अवैध खनन सामग्री (खण्डा पत्थर) से भरी हुई थीं। पुलिस ने मौके से शिवा यादव (21) निवासी पुरानी छावनी को गिरफ्तार किया। हालांकि, तीन ड्राइवर मौके से फरार होने में सफल रहे। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी और फरार ड्राइवरों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामले दर्ज किए हैं। फरार खनन माफियाओं की तलाश जारी है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और वृत्ताधिकारी शहर के सुपरविजन में की गई। थाना प्रभारी महेश मीणा के नेतृत्व में चौकी पचगांव और थाना सदर के पुलिसकर्मियों की टीम ने इसे अंजाम दिया। पुलिस ने बताया कि जिले में अवैध खनन के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।