धौलपुर में अखिल भारतवर्षीय दिगंबर जैसवाल जैन उपरोचियां समाज की सेवाभावी संस्था 'अविवाहित प्रतिभाएं प्रस्तुति समूह' की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। स्थानीय जैन धर्मशाला में हुई इस बैठक में समाज के विवाह योग्य युवक-युवतियों के अधिक सगाई संबंध कराने को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ। बैठक का संचालन राष्ट्रीय संयोजक अजय जैन, रविंद्र जैन, सुदीप जैन और रूपेश जैन के मार्गदर्शन में किया गया। इस दौरान संस्था की आगामी गतिविधियों और प्रस्तावित अधिवेशन की कार्ययोजना पर भी चर्चा की गई। राष्ट्रीय संयोजक रूपेश जैन ने बताया कि समाज के अविवाहित युवक-युवतियों के सगाई संबंधों में 'जैसवाल जैन परिणय एप' की भूमिका लगातार महत्वपूर्ण होती जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही इस एप को नए फीचर्स और आकर्षक स्वरूप में अपडेट किया जाएगा, जिससे समाज के लोगों को और अधिक सुविधा मिल सकेगी। वहीं, राष्ट्रीय संयोजक रविंद्र जैन ने जानकारी दी कि यह संस्था पूरे भारत में निवासरत जैसवाल जैन उपरोचियां समाज के विवाह योग्य युवक-युवतियों का परिचय एकत्रित कर एक मंच पर उपलब्ध कराती है। इससे अभिभावकों को अपने बच्चों के लिए उपयुक्त रिश्ता ढूंढने में आसानी होती है। संस्था द्वारा प्रकाशित 'अविवाहित परिचय पुस्तिका' और 'परिणय एप' से समाज के लोग लाभान्वित हो रहे हैं। बैठक में धौलपुर शैली के स्थानीय संयोजक मानकचंद जैन, दिनेश जैन, राजकुमार जैन, हरविंदर जैन, दिलीप जैन, अजय जैन, संजय जैन, पवन जैन, अमित जैन, धर्मेंद्र जैन सहित बड़ी संख्या में समाज के वरिष्ठजन और सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि भविष्य में और अधिक संख्या में सगाई संबंध सुनिश्चित कराने के लिए संस्था अपने प्रयासों को और तेज करेगी।