धौलपुर जिले में किशोर न्याय बोर्ड (JJB) और बाल कल्याण समिति (CWC) में रिक्त पदों पर आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इन पदों में किशोर न्याय बोर्ड के लिए एक सदस्य और बाल कल्याण समिति के लिए एक अध्यक्ष व तीन सदस्य शामिल हैं, जिनमें एक महिला सदस्य का पद भी है। कुल पांच पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। ये आवेदन किशोर न्याय (बालकों की देखरेख और संरक्षण) अधिनियम 2015 (संशोधित 2021) और किशोर न्याय आदर्श नियम 2016 (संशोधित 2022) के तहत आमंत्रित किए गए हैं। किशोर न्याय बोर्ड का सदस्य विधि से संघर्षरत बच्चों के मामलों की जांच, सुनवाई और निपटान के लिए होगा। वहीं, बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष और सदस्य देखरेख और संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों के मामलों को देखेंगे। सहायक निदेशक, बाल अधिकारिता विभाग एवं जिला बाल संरक्षण इकाई ने बताया कि रिक्त पदों का विवरण, दिशा-निर्देश और शर्तें विभागीय वेबसाइट www.der.rajasthan.gov.in पर उपलब्ध हैं। इच्छुक अभ्यर्थी आवेदन पत्र भी यहीं से प्राप्त कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए जिला बाल संरक्षण इकाई कार्यालय में कार्यरत पवन कुमार से मोबाइल नंबर 9636908902 पर संपर्क किया जा सकता है। निर्धारित प्रारूप में पूर्ण भरे हुए आवेदन पत्र, आवश्यक दस्तावेजों के साथ 31 जुलाई 2026 तक सहायक निदेशक, बाल अधिकारिता विभाग कार्यालय एवं जिला बाल संरक्षण इकाई, प्रथम तल, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, आरएसी के पास, बजरिया रोड, धौलपुर में जमा कराए जा सकते हैं। अंतिम तिथि के बाद प्राप्त किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा।