धौलपुर जिले में रविवार को लिपिक ग्रेड-2 / कनिष्ठ सहायक ग्रेड-2 सीधी भर्ती परीक्षा शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हुई। यह परीक्षा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासन की सतर्क निगरानी में आयोजित की गई। जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने इसके सफल संचालन के लिए व्यापक इंतजाम किए थे। जिले के धौलपुर, बाड़ी, बसेड़ी, सैंपऊ और मनिया क्षेत्रों में कुल 32 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पांच फ्लाइंग स्क्वॉड का गठन किया गया। प्रत्येक केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात था, साथ ही आंतरिक सुरक्षा के लिए अलग-अलग टीमें भी सक्रिय रहीं। अभ्यर्थियों को सघन जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया और सभी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी गई। 8 हजार से ज्यादा पंजीकृत थे अभ्यर्थी जिला कलेक्टर श्रीनिधि बीटी के निर्देशन और अतिरिक्त जिला कलेक्टर हरिराम मीणा के नेतृत्व में परीक्षा का सफल आयोजन हुआ। कंट्रोल रूम प्रभारी मांगीलाल आर्य ने बताया कि जिले में कुल 8,760 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। पहली पारी में 7,152 अभ्यर्थी मौजूद रहे, जबकि 1,608 अनुपस्थित थे। दूसरी पारी में 1,645 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल नहीं हुए। प्रशासन के अनुसार, दोनों पारियों की परीक्षा जिलेभर में पूरी तरह शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। किसी भी परीक्षा केंद्र से नकल, अव्यवस्था या किसी अप्रिय घटना की कोई सूचना नहीं मिली। प्रशासन और पुलिस की सतर्कता तथा समन्वित व्यवस्था के कारण यह भर्ती परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न हो सकी। अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात सभी कर्मचारियों, पुलिस बल और सहयोगी टीमों की कार्यशैली की सराहना की।