धौलपुर जिले के बसेड़ी थाना क्षेत्र के मई गांव में शनिवार रात चोरों ने एक सूने घर का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित को सुबह घटना का पता चला, जिसके बाद उसने बसेड़ी थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना का मुआयना किया। बसेड़ी निवासी नरेश कुमार पुत्र दीपाराम ने पुलिस थाने में तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि घटना के समय वह और उनकी पत्नी किसी काम से घर से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने उनके सूने घर को निशाना बनाया। चोरों ने कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़कर उसमें से 2 जोड़ी सोने के टॉक्स (लगभग एक तोला), 12 सोने की नोजपिन, तीन महिलाओं और एक पुरुष की अंगूठी (लगभग दो तोला), एक सोने की चेन, एक मंगलसूत्र, सोने की दो चूड़ियां और छह जोड़ी चांदी की तोड़ियां चुरा लीं। इसके अतिरिक्त, चोरों ने करीब 32 हजार रुपये नकद भी पार कर दिए। नरेश कुमार को उनके भाई ने फोन पर चोरी की जानकारी दी, जिसके बाद वह दोपहर में घर पहुंचे। बसेड़ी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और चोरों की तलाश में जुट गई है।