धौलपुर जिले के मनियां थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते हुई मारपीट और फायरिंग की घटना में घायल 1 युवक की आगरा में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान मुकेश पुत्र ऐदल सिंह के रूप में हुई है। इस हमले में दूसरा युवक हिम्मत सिंह पुत्र रामभरोसी भी घायल हुआ है, जिसका इलाज जारी है। पुलिस के अनुसार भदियाना निवासी मुकेश और हिम्मत सिंह अपनी बहन के घर चपरौली गांव से लौट रहे थे। कमलापुरा मोड़ रोड पर पहले से घात लगाए बैठे 12 से ज्यादा हमलावरों ने उनकी बाइक रोककर उन पर हमला कर दिया। हमलावरों ने दोनों युवकों पर फायरिंग की, जिससे उनके पैरों में गोली लगी और वे गंभीर रूप से घायल हो गए। गांव में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था घटना की सूचना मिलते ही मनियां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को धौलपुर जिला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया, जहां आगरा में इलाज के दौरान मुकेश की मौत हो गई। थाना प्रभारी नीरज शर्मा ने युवक की मौत की पुष्टि की और बताया कि पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। देर रात करीब 12 बजे भारी पुलिस बल की मौजूदगी में मृतक का उसके गांव में अंतिम संस्कार किया गया। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी एसपी विकास सांगवान के निर्देश पर, एएसपी वैभव शर्मा और सीओ मनियां खलील अहमद के पर्यवेक्षण में, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस ने इस वारदात में शामिल 4 आरोपियों को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि हमले में शामिल कुछ आरोपी नकाबपोश थे, जो वारदात के बाद मौके से फरार हो गए। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश को ही घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है। इलाज के दौरान बुझ गया घर का चिराग फायरिंग में गंभीर रूप से घायल मुकेश ने आगरा में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। गांव में पुलिस अलर्ट युवक की मौत के बाद किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस का कहना है कि हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं और फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।