धौलपुर जिले के सदर थाना क्षेत्र के मिर्जापुर, सरानी खेड़ा गांव में एक परिवार के साथ मारपीट, तोड़फोड़ और लूटपाट के मामले में पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है। यह कार्रवाई पीड़ित परिवार की शिकायत और न्याय की गुहार के बाद की गई है। पीड़ित सुरेश की लिखित शिकायत के अनुसार यह घटना 16 अप्रैल को शाम करीब 4 बजे हुई। आरोपी लाठी-डंडों और हथियारों से लैस होकर उनके घर में घुस आए। घर में जमकर की तोड़फोड़ शिकायत में कहा गया है कि आरोपियों ने घर में जमकर तोड़फोड़ की। इसमें बाइक, कूलर, हैंडपंप, बाथरूम के दरवाजे, टाइल्स और फर्श के मार्बल को नुकसान पहुंचाया गया। आरोपियों पर घर में रखे आभूषण लूटने और परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट करने का भी आरोप है। गांव छोड़ने को मजबूर हुआ परिवार घटना के बाद से पीड़ित परिवार छोटे बच्चों के साथ गांव छोड़ने को मजबूर हो गया है और उन्हें लगातार धमकियों का सामना करना पड़ रहा है। परिवार का आरोप है कि राजनीतिक दबाव के कारण पहले पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई नहीं की थी। हालांकि, अब मामला दर्ज होने के बाद उन्हें न्याय मिलने की उम्मीद है। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नामजद आरोपियों के साथ-साथ कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।