धौलपुर के सैंपऊ थाना क्षेत्र के कुम्हेरी गांव में बुधवार शाम एक विवाहिता का शव घर के कमरे में पंखे से फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलने पर सैपऊ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सैपऊ राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। थानाधिकारी प्रवेंद्र कुमार रावत ने बताया कि मृतका की पहचान कुम्हेरी निवासी सलोनी (22) पत्नी प्रीतम सिंह जाटव के रूप में हुई है। उसका शव कमरे में साड़ी के सहारे पंखे से लटका मिला। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना के समय सलोनी का पति मजदूरी करने गया हुआ था। पुलिस के अनुसार, सलोनी की शादी करीब चार वर्ष पूर्व प्रीतम सिंह जाटव से हुई थी। उसी समय उसकी बड़ी बहन अनीता का विवाह भी प्रीतम के भाई पवन जाटव के साथ हुआ था। पुलिस ने घटना की सूचना मृतका के मायके पक्ष को दे दी है। पुलिस ने बताया कि परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई जाएगी। फिलहाल मायके पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत या रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस का कहना है कि परिजनों की तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच जारी है।