धौलपुर जिले में आज राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) का आयोजन किया जा रहा है। देशभर के मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस कोर्स में प्रवेश के लिए यह महत्वपूर्ण परीक्षा है। जिले के 7 परीक्षा केंद्रों पर कुल 1992 अभ्यर्थी परीक्षा दे रहे हैं। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक प्रवेश दिया गया। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएगी। त्रिस्तरीय जांच के बाद मिला प्रवेश परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए त्रिस्तरीय जांच व्यवस्था लागू की गई है। कड़ी जांच के बाद ही परीक्षार्थियों को केंद्र में प्रवेश मिल रहा है। सभी केंद्रों पर पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोका जा सके। मन्नत के कलावे और गले की मालाएं काटी सुरक्षा जांच के दौरान कई परीक्षार्थियों के हाथों में बंधे मन्नत के कलावे और गले की मालाएं गेट पर ही कैंची से काट दी गईं। शहर के जवाहर नवोदय विद्यालय परीक्षा केंद्र पर एक छात्र कानों में सोने की बाली पहनकर पहुंचा था, जिसे सुरक्षा कारणों से मौके पर ही कटवाया गया। प्रशासन ने स्वच्छ और निर्भीक वातावरण में परीक्षा संपन्न कराने के लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं, ताकि अभ्यर्थी बिना किसी दबाव के अपनी परीक्षा दे सकें।