धौलपुर जिले की बाड़ी पंचायत समिति की ग्राम पंचायत नीमखेड़ा के ग्रामीण गुरुवार को जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने जिला कलेक्टर के नाम एक ज्ञापन सौंपकर पिछले तीन महीने से राशन नहीं मिलने की समस्या बताई। ग्रामीणों के अनुसार राशन डीलर का लाइसेंस निरस्त होने और उस पर भारी रिकवरी निकलने के बाद गांव में नए डीलर की नियुक्ति नहीं की गई है। इस कारण सरकारी राशन वितरण पूरी तरह प्रभावित हो गया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पिछले तीन माह से पात्र परिवारों को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के तहत मिलने वाला गेहूं नहीं मिल रहा है। प्रशासन द्वारा उन्हें दूसरे राशन डीलरों के पास भेजे जाने के बावजूद राशन उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। इस स्थिति से गरीब, मजदूर और जरूरतमंद परिवारों के सामने खाद्यान्न का गंभीर संकट पैदा हो गया है। ग्रामीणों ने बताया कि लगातार अधिकारियों के समक्ष समस्या रखने के बावजूद अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है। बरसात के मौसम में रोजगार की कमी के बीच राशन नहीं मिलने से परिवारों के लिए रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करना भी मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि नीमखेड़ा में जल्द से जल्द नए राशन डीलर की नियुक्ति की जाए। उन्होंने वैकल्पिक व्यवस्था कर तीन महीने से लंबित राशन का तत्काल वितरण सुनिश्चित कराने की भी अपील की। ज्ञापन पर बड़ी संख्या में ग्रामवासियों के हस्ताक्षर हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।