धौलपुर जिले में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के लिए पुलिस द्वारा 'ऑपरेशन गरिमा' चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देशन में यह जागरूकता अभियान पूरे जिले में प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत एएसपी वैभव शर्मा और एडीएफ बाड़ी कमल कुमार जांगिड़ के पर्यवेक्षण में सभी थाना पुलिस तथा आत्मरक्षा प्रशिक्षण टीमें सक्रिय हैं। ये टीमें स्कूलों, पार्कों, कोचिंग संस्थानों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचकर बालिकाओं को जागरूक कर रही हैं। कौलारी स्कूल में छात्राओं को सिखाया सेल्फ डिफेंस इसी कड़ी में थाना कौलारी प्रभारी हरिनारायण मीणा के नेतृत्व में एक पुलिस टीम ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कौलारी का दौरा किया। यहां छात्राओं को आत्मरक्षा के तरीके सिखाए गए और उन्हें नए कानूनी प्रावधानों, राजकॉप सिटीजन ऐप, साइबर सुरक्षा, गुड टच-बैड टच तथा महिला हेल्पलाइन नंबरों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। इस अभियान के तहत स्कूल-कॉलेज, गर्ल्स हॉस्टल, भीड़भाड़ वाले स्थानों, रेलवे स्टेशनों और सार्वजनिक परिवहन साधनों जैसे बस, ट्रेन, जीप व ऑटो पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसके अतिरिक्त, महिला हेल्पलाइन 1090 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है, ताकि छात्र-छात्राएं आवश्यकता पड़ने पर तुरंत सहायता प्राप्त कर सकें।