पंचायत चुनाव में नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद धौलपुर जिला परिषद और धौलपुर व सैंपऊ पंचायत समितियों में चुनावी मुकाबले की तस्वीर साफ हो गई है। तीनों निकायों में अब कुल 305 प्रत्याशी मैदान में हैं। सोमवार को नाम वापसी के बाद बचे उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए गए। इसके साथ ही प्रत्याशियों ने मतदाताओं से संपर्क कर समर्थन जुटाने की कवायद तेज कर दी है। जिला परिषद के 29 वार्डों में 117 उम्मीदवार जिला परिषद के 29 वार्डों में पहले 146 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे। इनमें से 29 प्रत्याशियों ने नाम वापस ले लिए। अब जिला परिषद सदस्य पद के लिए 117 उम्मीदवार मैदान में हैं। जिला कलेक्टर श्रीनिधि बीटी ने शेष प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए। धौलपुर पंचायत समिति में 83 प्रत्याशी शेष धौलपुर पंचायत समिति के 25 वार्डों में कुल 113 उम्मीदवारों ने नामांकन किया था। इनमें से 27 ने नाम वापस ले लिए। एसडीएम सुरेश राव के अनुसार, नाम वापसी के बाद अब 83 प्रत्याशी चुनाव मैदान में बचे हैं। सैंपऊ में 105 उम्मीदवारों के बीच मुकाबला सैंपऊ पंचायत समिति के 27 वार्डों में 139 उम्मीदवार मैदान में थे। इनमें से 34 प्रत्याशियों ने नाम वापस ले लिए। एसडीएम अनिल गोयल के मुताबिक, अब पंचायत समिति सदस्य पद के लिए 105 उम्मीदवार चुनाव लड़ेंगे। चुनाव चिन्ह मिलने के बाद प्रचार तेज नाम वापसी और चुनाव चिन्ह आवंटन की प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही तीनों निकायों में चुनावी मुकाबले की स्थिति स्पष्ट हो गई है। अब प्रत्याशी अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाताओं से संपर्क कर रहे हैं और समर्थन जुटाने में लगे हैं। आने वाले दिनों में चुनाव प्रचार के और तेज होने की संभावना है।