आगामी पंचायत चुनावों को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण कराने के लिए धौलपुर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस अधिकारी ग्रामीण क्षेत्रों में मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर मतदाताओं को निर्भीक होकर मतदान करने का भरोसा दिला रहे हैं। वहीं, आगामी त्योहारों और चुनावों के मद्देनजर जिले में देर शाम तक वाहन जांच अभियान चलाकर संदिग्धों पर नजर रखी जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि चुनाव में गड़बड़ी करने और शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। चार गांवों के मतदान केंद्रों का निरीक्षण एएसपी वैभव शर्मा ने सीओ मनोहर लाल और थाना प्रभारी अमित कुमार शर्मा के साथ सैपऊ पंचायत समिति क्षेत्र के सहरोली, राजौरा खुर्द, झीलरा और दौनारी गांवों में मतदान केंद्रों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर चुनाव संबंधी सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी दी और बिना किसी डर, दबाव या प्रलोभन के अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की। संवेदनशील केंद्रों पर रहेगी विशेष निगरानी एएसपी वैभव शर्मा ने बताया कि पुलिस चुनाव को लेकर पूरी तरह सतर्क है। संवेदनशील मतदान केंद्रों की पहचान कर वहां विशेष निगरानी रखी जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया जाएगा। पुलिस ऐसे लोगों को भी चिह्नित कर रही है, जिनसे चुनाव के दौरान शांति व्यवस्था बिगड़ने की आशंका है। प्रमुख रास्तों पर वाहनों की चेकिंग पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा और श्रवण कुमार झोरड़ की देखरेख में पुलिस टीमों ने प्रमुख रास्तों पर जांच अभियान चलाया। इस दौरान वाहनों के दस्तावेजों की जांच की गई और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की गई। बाजारों, मुख्य रास्तों और संवेदनशील इलाकों में भी पुलिस निगरानी बढ़ाई गई है। अफवाहों से बचने और शांति बनाए रखने की अपील धौलपुर पुलिस ने कहा कि चुनाव और त्योहारों के दौरान गश्त व जांच अभियान लगातार जारी रहेंगे। लोगों से त्योहारों को आपसी भाईचारे के साथ मनाने और पंचायत चुनाव में शांतिपूर्ण ढंग से भाग लेने की अपील की गई है। पुलिस ने नागरिकों से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत देने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने का आग्रह भी किया है।