धौलपुर में डीएसटी टीम और सदर थाना पुलिस ने जुए के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 11 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 47 हजार 600 नकद, ताश के पत्ते और 5 बाइक जब्त की गई हैं। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा के पर्यवेक्षण में सदर थाना पुलिस तथा डीएसटी टीम द्वारा संयुक्त रूप से की गई। डीएसटी टीम प्रभारी एएसआई प्रेम सिंह और कांस्टेबल गौतम को जाटोली क्षेत्र में महेंद्र सिंह के अड्डे पर जुआ खेले जाने की सूचना मिली थी। इस सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर 11 आरोपियों को पकड़ा। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में शिवराम, रामवीर, पप्पू, मोहन सिंह, राकेश उर्फ लुक्का, ज्ञान सिंह, बनवारी, भारत, राजवीर, उदय सिंह और माखन शामिल हैं। ये सभी आरोपी धौलपुर जिले के विभिन्न क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ यह अभियान जारी रहेगा।