धौलपुर की कोतवाली और मनियां थाना पुलिस ने अवैध हथियार और चंबल रेत से जुड़े मामलों में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। कोतवाली थाना पुलिस ने कांस्टेबल ड्राइवर राजेश शर्मा की सूचना पर कार्रवाई करते हुए भामतीपुरा तिराहे के पास से एक युवक को अवैध हथियार के साथ पकड़ा। गिरफ्तार युवक की पहचान गौरव (19 वर्ष) पुत्र वकीला निवासी हथियाखार, हाल निवासी मदीना कॉलोनी के रूप में हुई है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। इसी थाने ने चंबल बजरी के अवैध खनन के मामले में दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया। इनमें परमाल सिंह (30 वर्ष) पुत्र मानसिंह निवासी बड़ापुरा मौरोली और राम लखन (36 वर्ष) पुत्र रामभरोसी निवासी मोहन का पूरा शामिल हैं। इनसे चंबल बजरी निकासी के संबंध में पूछताछ की जा रही है। उधर, मनियां थाना पुलिस ने अवैध हथियारों के संबंध में मुखबिर की सूचना पर फुलपुर रोड के पास कार्रवाई की। यहां से आरोपी हेमंत उर्फ रिंकू (35 वर्ष) निवासी महूरी को एक 12 बोर के कट्टे के साथ पकड़ा गया। इसके अतिरिक्त, कन्हैयालाल बीएड कॉलेज के सामने से आरोपी राहुल उर्फ बबलू (25 वर्ष) को 315 बोर के कट्टे सहित गिरफ्तार किया गया है। दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। मनियां थाना पुलिस ने अवैध चंबल रेत के मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया। इनमें संदीप (34 वर्ष) निवासी मुरैना (मध्य प्रदेश) और सौरभ (27 वर्ष) निवासी राजाखेड़ा शामिल हैं। दोनों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। इस पूरी कार्रवाई में थानाधिकारी नीरज कुमार शर्मा के नेतृत्व में एएसआई मोहनलाल, थान सिंह और प्रदुमन सिंह की पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस ने बताया है कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।