धौलपुर में साइबर अपराधों पर नियंत्रण और बैंक खातों के दुरुपयोग को रोकने के उद्देश्य से पुलिस और बैंक अधिकारियों की एक संयुक्त बैठक हुई। यह बैठक एसपी विकास सांगवान के निर्देशन, एएसपी वैभव शर्मा के सुपरविजन तथा वृत्ताधिकारी धौलपुर कृष्ण राज जांगिड़ की अध्यक्षता में हुई। इसमें जिले के सार्वजनिक और निजी बैंकों के प्रबंधक, अधिकारी और साइबर थाना स्टाफ शामिल हुए। बैठक में बढ़ते साइबर अपराधों की रोकथाम, बैंकिंग धोखाधड़ी, ऑनलाइन फ्रॉड, संदिग्ध लेन-देन तथा एटीएम व बैंक शाखाओं की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने पुलिस और बैंकों के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या साइबर फ्रॉड की सूचना तत्काल पुलिस को दी जानी चाहिए। बैंकों से ग्राहकों को जागरूक करने की अपील वृत्ताधिकारी कृष्ण राज जांगिड़ ने बैंकों से ग्राहकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने और सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने की अपील की। इसके साथ ही, सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था, एटीएम सुरक्षा और साइबर अपराधों से जुड़े मामलों में त्वरित जानकारी उपलब्ध कराने पर भी बल दिया गया। लगातार बढ़ रहे साइबर क्राइम पुलिस ने बताया कि साइबर अपराधों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिसका सीधा असर आम नागरिकों की मेहनत की कमाई पर पड़ता है। ऐसे में पुलिस और बैंकिंग संस्थाओं के बीच मजबूत तालमेल आवश्यक है। बैठक में उपस्थित पुलिस एवं बैंक अधिकारियों ने भविष्य में भी समन्वय बनाकर कार्य करने और साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए संयुक्त प्रयास जारी रखने पर सहमति व्यक्त की।