धौलपुर पुलिस ने एक दिव्यांग पीड़ित का खोया मोबाइल फोन ढूंढकर उसे वापस लौटा दिया। बुधवार को एसपी विकास सांगवान ने मोबाइल उसके मालिक विवेक को सौंपा। पुलिस की इस संवेदनशील कार्रवाई की काफी तारीफ हुई। कमला कॉलोनी निवासी दिव्यांग विवेक अपना मोबाइल खोने की शिकायत लेकर ट्राईसाइकिल से एसपी कार्यालय पहुंचा। साइबर सेल दूसरी मंजिल पर होने के कारण टीम खुद नीचे आई और विवेक की समस्या सुनी। हेड कॉन्स्टेबल नरेंद्र सिंह और दिनेश कुमार ने विवेक से जानकारी ली। कुछ ही मिनटों में ऑनलाइन शिकायत दर्ज कर टीम ने तुरंत खोया हुआ मोबाइल ढूंढ निकाला। एसपी विकास सांगवान ने बुधवार को विवेक को उसका मोबाइल सौंपा। मोबाइल वापस मिलने पर विवेक खुश हो गए। एसपी ने कहा कि पुलिस का काम सिर्फ कानून-व्यवस्था बनाए रखना नहीं, बल्कि जरूरतमंदों की मदद करना भी है। इस मामले में साइबर सेल टीम का मानवीय व्यवहार साफ दिखा।