धौलपुर पुलिस ने बुधवार को महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए शहर में एक विशेष 'डिकॉय ऑपरेशन' चलाया। पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देश पर महिला कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की टीम ने सादा वर्दी में सार्वजनिक स्थानों, पार्कों, मचकुंड और शैक्षणिक संस्थानों के आसपास निगरानी रखी और संदिग्ध मनचलों के खिलाफ कार्रवाई की। यह अभियान पुलिस मुख्यालय जयपुर और भरतपुर रेंज के निर्देशों के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शिकायत प्रकोष्ठ) हवा सिंह के पर्यवेक्षण में संचालित किया गया। पुलिस की रणनीति के तहत महिला पुलिसकर्मियों को सिविल ड्रेस में तैनात किया गया था ताकि असामाजिक तत्वों को पुलिस की उपस्थिति का पता न चले। कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की हेड कॉन्स्टेबल वीनेश सिंह, फरीदा बानो और महिला कॉन्स्टेबल बेबी, रीना, बबीता और शबाना ने अलग-अलग टीमों में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में निगरानी की। अभियान के दौरान गांधी पार्क, मचकुंड और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर महिलाओं व छात्राओं पर फब्तियां कसने वाले लगभग एक दर्जन संदिग्ध युवकों को पकड़ा गया और उन्हें समझाइश दी गई। इस अचानक हुई कार्रवाई से मनचलों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। धौलपुर पुलिस ने बताया कि महिलाओं को सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने के लिए इस तरह के अभियान भविष्य में भी समय-समय पर चलाए जाएंगे। पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने महिलाओं से किसी भी आपात स्थिति में 'राजकोप सिटीजन ऐप' के एसओएस (SOS) फीचर का उपयोग करने की अपील की। इसके अतिरिक्त महिला हेल्पलाइन 1090 और पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 9530411842 और 9530411843 भी सक्रिय हैं, जिन पर सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।