धौलपुर जिले की सदर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घर से लापता हुए एक नाबालिग को महज दो घंटे में ढूंढकर सकुशल उसके परिजनों को सौंप दिया। नाबालिग परिजनों से नाराज होकर घर से चला गया था। पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देश पर व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा और एडीएफ बाड़ी कमल कुमार जांगिड़ के पर्यवेक्षण में जिले में प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सदर थाना क्षेत्र से एक नाबालिग परिजनों से नाराज होकर घर से चला गया था। परिजनों ने इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थानाधिकारी महेश मीणा ने तुरंत एक पुलिस टीम का गठन किया और नाबालिग की तलाश शुरू करवाई। पुलिस टीम ने संवेदनशीलता और तत्परता दिखाते हुए आसपास के क्षेत्रों और संदिग्ध स्थानों पर गहन तलाशी अभियान चलाया। तलाशी अभियान के दौरान नाबालिग को ढूंकापुरा रेलवे फाटक के पास से बरामद कर लिया गया। इसके बाद उसे सकुशल उसके परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस की सराहना की।