धौलपुर में पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 2 देसी कट्टे (315 बोर) बरामद किए गए हैं। यह कार्रवाई 'ऑपरेशन प्रहार' और एरिया डोमिनेशन अभियान के तहत की गई। एएसआई अशोक सिकरवार और राजवीर सिंह की पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर आरोपियों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जयराम (38) निवासी रजौरा, थाना सदर धौलपुर और सूरज (19) निवासी भैंसैना, थाना कोतवाली धौलपुर के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपियों से बरामद हथियारों के स्रोत और उनके नेटवर्क के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।