धौलपुर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 30 लाख रुपए मूल्य के 150 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन फोनों को उनके असली मालिकों को लौटा दिया गया है। पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देश पर साइबर सेल और विभिन्न थानों की टीमों ने यह सफलता हासिल की। सीईआईआर (CEIR) पोर्टल का उपयोग कर गुम हुए मोबाइल फोन को ट्रैक किया गया। बरामद किए गए फोन राजस्थान के लगभग 15 जिलों के अलावा उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार और झारखंड जैसे अन्य राज्यों से भी मिले हैं। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में कुछ मोबाइल धारकों को उनके फोन सौंपे गए। इस दौरान मोबाइल वापस पाने वाले लोगों ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया। पुलिस ने पहले भी आम जनता को सीईआईआर पोर्टल के बारे में जागरूक किया था। इसका उद्देश्य मोबाइल गुम होने पर उसे आसानी से ट्रैक करने में मदद करना है। नियमित निगरानी और तकनीकी सहयोग के माध्यम से इस अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया। इस अभियान की सफलता में साइबर सेल और डीएसटी टीम के अधिकारियों व कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि मोबाइल गुम होने की स्थिति में तुरंत सीईआईआर पोर्टल पर जानकारी दर्ज कराएं, ताकि उसे जल्द से जल्द बरामद किया जा सके।