धौलपुर पुलिस ने सैपऊ थाना क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध बदमाश को गिरफ्तार किया है। रविवार को सैपऊ थाना पुलिस और डीएसटी टीम ने यह कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पास से 4 देसी तमंचे बरामद किए गए हैं। थाना प्रभारी प्रवेंद्र कुमार रावत ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति घुंघरई पुलिया के पास दौनारी जाने वाले नहर के रास्ते पर संदिग्ध अवस्था में घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने डीएसटी टीम के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। घेराबंदी के बाद पुलिस ने चाडी निवासी 38 वर्षीय बेताल सिंह कुशवाहा पुत्र मुरारी लाल कुशवाह को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी लेने पर आरोपी के बैग से .315 बोर के 4 देसी तमंचे बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं में आपराधिक प्रकरण दर्ज किया है और उससे हथियारों के संबंध में गहनता से पूछताछ कर रही है।