धौलपुर शहर के बाड़ी रोड पर स्थित 33 केवी विद्युत लाइन में फॉल्ट के कारण आग लग गई। इस घटना से दोपहर 2 से 3 बजे तक करीब एक घंटे के लिए शहर की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और बिजली विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका टल गई। बिजली आपूर्ति बाधित होने से आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ा। शहर के कई इलाकों में अंधेरा छा गया और लोगों के दैनिक कार्य प्रभावित हुए। 220 केवी स्टेशन पर तैनात सहायक अभियंता शशांक शर्मा ने बताया कि यह घटना लाइन में तकनीकी फॉल्ट के कारण हुई थी। उन्होंने जानकारी दी कि आग पर नियंत्रण के बाद शहर के कुछ हिस्सों में बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है, जबकि शेष क्षेत्रों में भी जल्द आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और विद्युत विभाग द्वारा लाइन की मरम्मत का कार्य जारी है।