धौलपुर में जयपुर डिस्कॉम ने बिजली चोरी रोकने और राजस्व वसूली बढ़ाने के लिए एक सख्त अभियान शुरू किया है। यह कार्रवाई वित्तीय वर्ष 2026-27 के लक्ष्यों को ध्यान में रखते हुए की जा रही है, जिसमें बकायेदारों और अवैध रूप से बिजली का उपयोग करने वालों पर शिकंजा कसा जा रहा है। बाड़ी में 6, धौलपुर ग्रामीण में 6 ट्रांसफार्मर हटाए बसेड़ी विद्युत विभाग के सहायक अभियंता बी.एस. मीणा के नेतृत्व में एक टीम ने विशेष शिविर आयोजित कर कार्रवाई की। इस दौरान बाड़ी उपखंड में 14 लाख रुपए के बकाया पर 6 ट्रांसफार्मर हटाए गए। वहीं, धौलपुर ग्रामीण उपखंड में 6 लाख रुपए के बकाया पर 6 ट्रांसफार्मर उतारे गए। कुल मिलाकर 20 लाख रुपए की बकाया राशि पर 12 विद्युत ट्रांसफार्मर हटाए गए हैं। बिजली चोरी के 45 मामले पकड़े अभियान के तहत 142 अवैध जंपर हटाकर भंडार शाखा में जमा कराए गए। सतर्कता टीम ने बिजली चोरी के 45 मामले पकड़े और संबंधित उपभोक्ताओं के खिलाफ जांच प्रतिवेदन तैयार किया। इन मामलों में करीब 13 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया है। एसई विवेक शर्मा ने बताया कि बिना कनेक्शन या बकाया होने के बावजूद ट्रांसफॉर्मर के जरिए बिजली का दुरुपयोग करने वालों की पहचान की जा रही है। ऐसे मामलों में सख्त विभागीय कार्रवाई के साथ-साथ मुकदमा भी दर्ज कराया जाएगा। इस कार्रवाई में एईएन आर.डी. मीणा, एक्सईएन विजिलेंस माखन लाल मीणा और एईएन आनंद तिवारी सहित लगभग 35 बिजलीकर्मी शामिल थे।