धौलपुर में गुरुवार सुबह रेलवे स्टेशन के रनिंग ट्रैक पर लगभग 50 वर्षीय एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला। सूचना मिलने पर जीआरपी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। जीआरपी चौकी प्रभारी केपी सिंह ने बताया कि पुलिस को रेलवे ट्रैक पर शव पड़े होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर पुलिस ने पाया कि मृतक भगवा वस्त्र पहने हुए था और उसके गले में जनेऊ था। इससे प्रथम दृष्टया वह साधु प्रतीत हो रहा है। पुलिस आशंका जता रही है कि व्यक्ति रेलवे ट्रैक पार करते समय किसी ट्रेन की चपेट में आ गया होगा। हालांकि, अभी तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। जीआरपी पुलिस शव की शिनाख्त के प्रयास कर रही है। आसपास के क्षेत्रों में भी सूचना भेजी गई है और आम जनता से अपील की गई है कि यदि किसी को मृतक की पहचान के संबंध में कोई जानकारी हो तो वे तुरंत पुलिस को सूचित करें।