वित्तीय वर्ष 2025-26 में सैंपऊ विद्युत उपखंड ने राजस्व वसूली के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। सहायक अभियंता पुष्पेंद्र चौधरी के नेतृत्व में उपखंड ने निर्धारित लक्ष्य से अधिक वसूली करते हुए जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इस वित्तीय वर्ष में उपखंड को 12.98 करोड़ रुपए का राजस्व लक्ष्य दिया गया था। टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 17.77 करोड़ रुपए की वसूली की। इस प्रकार कुल 105.15 प्रतिशत रेवेन्यू रियलाइजेशन हासिल किया गया, जो अब तक का एक उल्लेखनीय रिकॉर्ड माना जा रहा है। इस उपलब्धि में 4.8 करोड़ रुपए की वसूली पुराने बकायादारों से की गई। धौलपुर जिले में बिजली निगम बनने के बाद यह पहली बार है, जब इतने बड़े स्तर पर बकाया राशि की रिकवरी की गई है। राजस्व वसूली के साथ-साथ, सैंपऊ उपखंड ने विद्युत छीजत (लाइन लॉस) को भी लगभग 5 प्रतिशत तक कम करने में सफलता हासिल की है। यह विभागीय सुधार का एक बड़ा संकेत है। उपखंड ने अभियान चलाकर 100 से अधिक बकायादारों के खिलाफ कार्रवाई की और कई अवैध ट्रांसफार्मर भी हटाए। इस सख्ती का सीधा असर राजस्व बढ़ोतरी पर देखने को मिला। पिछले दो वर्षों में उपखंड ने करीब 2600 नए बिजली कनेक्शन जारी किए हैं। इसके अलावा 300 से अधिक उपभोक्ताओं के रिकनेक्शन भी किए गए, जिससे उपभोक्ता सेवाओं में सुधार हुआ है। सहायक अभियंता पुष्पेंद्र चौधरी ने इस उपलब्धि का श्रेय उच्च अधिकारियों के मार्गदर्शन और सैंपऊ उपखंड के कर्मचारियों के कठिन परिश्रम को दिया। उन्होंने आमजन का भी सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।