धौलपुर जिले के जाटोली गांव की एक महिला ने अपने 4 बच्चों की स्कूल से स्थानांतरण प्रमाण पत्र (टीसी) नहीं दिए जाने का आरोप लगाया है। महिला ने इस संबंध में जिला कलेक्टर को एक ज्ञापन सौंपा है, जिसमें स्कूल प्रबंधन पर अभद्र व्यवहार करने और बच्चों को स्कूल से बाहर निकालने का आरोप भी लगाया गया है। ज्ञापन के अनुसार जाटोली निवासी पुष्पा पत्नी साहब सिंह लोधा ने बताया कि उनके चारों बच्चे धौलपुर स्थित एक निजी स्कूल में पढ़ते हैं। महिला का आरोप है कि जब वह अपने भाई के साथ बच्चों की टीसी लेने स्कूल पहुंचीं, तो प्रिंसिपल ने टीसी देने से इनकार कर दिया। प्रिंसिपल पर उनके साथ अभद्र व्यवहार करने और उन्हें स्कूल से बाहर निकालने का आरोप है। बच्चों से स्कूल में झाड़ू-पोंछा करवाने का भी आरोप पुष्पा लोधा ने यह भी आरोप लगाया कि स्कूल प्रबंधन बच्चों से झाड़ू-पोंछा और रोटियां बनवाने जैसे काम करवाता है। महिला का कहना है कि बच्चों की स्कूल फीस पहले ही जमा की जा चुकी है, इसके बावजूद स्कूल टीसी जारी नहीं कर रहा है। पीड़िता ने जिला कलेक्टर से इस पूरे मामले की जांच कराने और उचित कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने अपने बच्चों के स्थानांतरण प्रमाण पत्र जल्द से जल्द दिलवाने का भी अनुरोध किया है।