धौलपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र से एक शटरिंग ठेकेदार संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है। चंबल नदी किनारे उसकी बाइक और मोबाइल मिलने के बाद परिजनों ने आत्महत्या की आशंका जताई है। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम नदी में ठेकेदार की तलाश कर रही है। जानकारी के अनुसार समौला गांव निवासी ठेकेदार सत्यप्रकाश पुत्र सुल्तान सिंह ने डुंगेपुरा क्षेत्र में एक मकान का शटरिंग ठेका लिया था। परिजनों का आरोप है कि मकान मालिक द्वारा करीब ढाई लाख रुपए का भुगतान नहीं किया जा रहा था, जिसके कारण ठेकेदार काफी समय से परेशान था। भाई ने लगाया आरोप ठेकेदार के भाई सरपंच सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शनिवार को सत्यप्रकाश पैसे मांगने गया था। आरोप है कि वहां उसके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई। फोन कर बोला- बाइक नदी के पास खड़ी है, ले जाना इसके बाद शनिवार सुबह सत्यप्रकाश ने घर पर फोन कर बताया कि उसकी बाइक चंबल नदी के पास खड़ी है और उसे वहां से ले जाने को कहा। परिजन जब मौके पर पहुंचे, तो उन्हें बाइक और मोबाइल नदी किनारे मिले, लेकिन सत्यप्रकाश का कोई पता नहीं चला। इसके बाद से परिजन आशंका जता रहे हैं कि उसने नदी में कूदकर आत्महत्या कर ली है। चंबल नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया घटना की सूचना मिलते ही सागरपाड़ा चौकी प्रभारी सब इंस्पेक्टर अशोक पहलवान के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। एसडीआरएफ की टीम की मदद से चंबल नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और लापता ठेकेदार की तलाश जारी है।